पटना: एक तरफ स्मार्ट सिटी की डीपीआर में रिवर फ्रंट एरिया डेवलपमेंट के तहत गंगा किनारे इलाके को विकसित कर स्मार्ट लुक देने की बात हो रही है तो दूसरी ओर गंगा में कूड़ा गिराया जा रहा है। मुसहरी घाट पर नगर निगम की सफाई गाड़ी से ही कूड़ा गिराया जा रहा था, जबकि निगम और जिला प्रशासन का ही आदेश है कि किसी हाल में गंगा में कूड़ा नहीं गिराया जाएगा। मुसहरी घाट का इलाका सफाई एजेंसी शिवम सर्वागीन विकास केन्द्र के कार्यक्षेत्र में है।
मुसहरी घाट पर जिस जगह नगर निगम की गाडियों से कूड़ा गिराया जा रहा है वहीं विसर्जन घाट भी है। इसके पहले खिरनी घाट और मानिक सरकार घाट पर कूड़ा गिराने का मामला सामने आने पर विरोध हुआ तो कर्मचारी हवाई अड्डा रोड में जाने लगे। जब वहां विरोध हुआ तो गंगा किनारे कूड़ा गिराया जा रहा है। इससे पहले वन विभाग की ओर से गंगा में कूड़ा गिराने के मामले में नोटिस भी दिया गया था। नगर निगम सफाई शाखा के प्रभारी महेश साह कहते हैं कि नगर निगम ने कभी भी गंगा किनारे कूड़ा गिराने का इजाजत नहीं दी है।
Source: LiveHindustan