पूर्णिया: बिहार के पूर्णिया जिले के रुपौली से जदयू विधायक बीमा भारती के पति अवधेश मंडल को दोबारा गिरफ्तार करने के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार अवधेश के कई साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। गौरतलब है कि अवधेश रविवार रात को पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था। अवधेश को कस्टडी से भगाने का आरोप विधायक पत्नी बीमा भारती और पूर्णिया के जदयू सांसद संतोष कुशवाहा पर लगा था।
पत्नी होने के नाते थाने गई थी : बीमा
बीमा भारती ने कहा कि पता नहीं अवधेश कैसे फरार हो गए। पत्नी होने के नाते उनसे थाने मिलने गई थी।
– डीएसपी के रवैये से लगा कि वे उनको छोड़ने को तैयार नहीं हैं। रात होने से ठंड बढ़ रही थी, जिसके कारण मैं लौट आई।
मंडल के साथ फोटो खिंचवाने में लगी थी पुलिस
अवधेश की गिरफ्तारी की खबर रविवार शाम 6 बजे आई, जबकि एसपी निशांत तिवारी ने रात 8 बजे इसकी पुष्टि की।
– थाने में तनाव मुक्त घूम रहे मंडल को देखकर कहीं से भी यह नहीं लगता था कि उन्हें गिरफ्तार किया जा चुका है।
– पुलिसकर्मी कभी थाने के पोर्टिको में तो कभी कैंपस के कोने में ले जाकर उनसे बतियाते रहे।
– अधिकारी का फोन आया तो वहां मौजूद पुलिस अफसर ने कहा- प्रमुख साहब, जरा गाड़ी के पास आइए फोटो लेना है।
मेरे खिलाफ गवाही दी, तो पति की ही तरह सभी को मार डालूंगा
अवधेश ने रविवार को सोनिया देवी के घर जाकर पति चंचल पासवान की हत्या मामले में उसे गवाही नहीं देने की धमकी दी।
– अवधेश ने सोनिया से कहा कि मेरे खिलाफ गवाही दी, तो पति की ही तरह पूरे परिवार की हत्या कर दूंगा।
– बंदूक से लैस अवधेश मंडल को देख आसपास के लोग उग्र होकर हंगामा करने लगे और पथराव कर दिया।
– इसके बाद अवधेश अपने साथियों के साथ भाग निकला। फिर पुलिस अवधेश की तलाश में जुट गई।
– हालांकि शाम 5.30 बजे अवधेश मंडल खुद मरंगा थाना पहुंचा।
उसने खुद पर जानलेवा हमले की बात कह जिप अध्यक्ष सुनीता सिंह समेत अन्य पर केस दर्ज कराया था।
Source: bhaskar.com