मुंगेर. शनिवार को मुंगेर, जमुई और लखीसराय पुलिस द्वारा नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च आपरेशन के दौरान मुंगेर-लखीसराय जिले की सीमा के समीप पिरीबाजार थाना के बंगला बांध के पास नक्सलियों ने पुलिस पर हमला कर दिया।
इस हमले में एसआई भवेश कुमार शहीद हो गए। पुलिस ने जबाबी कार्रवाई करते हुए गोलीबारी की, जिसमें एक नक्सली सुरेश कोडा को गोली लगने की सूचना है। गोली लगने के बाद घायल सुरेश को नक्सली अपने साथ ले भागने में सफल रहे।
एसआई के गर्दन में लगी थी गोली
जानकारी के अनुसार जमुई जिले के चरकापत्थर थाना क्षेत्र में पुलिस व नक्सलियों के बीच मुठभेड़ के बाद गुप्त सूचना के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। इसी दौरान घात लगाए नक्सलियों ने अंधाधुंध फायरिंग करना शुरू कर दिया, जिसमें धरहरा के एसआई भवेश कुमार के गर्दन में गोली लग गई। एसआई की मौत के बाद सुरक्षबलों के द्वारा नक्सलियों के खिलाफ एएसपी अभियान नवीन कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की जा रही है। मुंगेर सहित लखीसराय जिले की पुलिस भी सघन छोपमारी अभियान चला रही है। मृतक एसआई बेगूसराय जिले के चैकी गांव के रहने वाले थे। वह 2009 बैच के दारोगा थे।
जमुई में मारा गया एक नक्सली
जमुई में पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया है। पुलिस ने नक्सली के शव को शनिवार को बरामद किया। नक्सली के पास से एक राइफल बरामद हुआ है। मुठभेड़ के दौरान एएसपी अभियान डीएन पांडेय घायल हो गए हैं। पुलिस का सर्च अभियान जमुई जिले के चरका पत्थर थाना क्षेत्र के टुंबा पहाड़ी पर चल रहा है।
शुक्रवार शाम को शुरू हुआ था मुठभेड़
शुक्रवार शाम को नक्सली दस्ता से सीआरपीएफ के जवानों का सामना हो गया था। नक्सलियों द्वारा गोली चलाए जाने के बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की थी। यह मुठभेड़ चरका पत्थर थाना क्षेत्र के असरखो- खिजरा जंगल के बीच स्थित डैम के पास हुई थी।
झारखंड में हाई अलर्ट तो बिहार पहुंच रहे नक्सली
झारखंड के पलामू जिले में हुए नक्सली हमले के बाद से झारखंड के सभी नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में हाई अलर्ट घोषित है। इस वजह से पलामू के नक्सली तीन-चार दिनों से लगातार छोटी-छोटी टुकड़ी में जमुई के जंगलों में शिफ्ट हो रहे थे।
पलामू में नक्सलियों ने उड़ाई थी पुलिस जिप्सी
नक्सलियों ने बुधवार को झारखंड के पलामू जिले में पुलिस की वैन को बारूदी सुरंग विस्फोट कर उड़ा दिया था। इस हमले में सात जवान शहीद हो गए थे। पुलिस सर्च अभियान के बाद दो वाहनों से वापस लौट रही थी। पुलिस की जिप्सी में थानेदार व अन्य पुलिसकर्मी थे।
Source:Bhaskar.com