आज और कल गांधी मैदान में बिहार, आएंगे बड़े कलाकार…सजेगी महफिल

bihar-diwas_1458618309.jpg

पटना.बिहार दिवस समारोह को लेकर गांधी मैदान सज-धज कर तैयार हो गया है। मुख्य कार्यक्रम स्थल गांधी मैदान के साथ ही श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल और रवींद्र भवन में भी सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। मंगलवार की शाम 4.30 बजे गांधी मैदान में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समारोह का उद्घाटन करेंगे। 5.30 बजे से राज्य गीत, प्रार्थना गीत और नृत्य नाटिका बिहार गौरव गान की प्रस्तुति होगी। शाम 6.30 से 7 बजे तक लेजर शो के जरिए बिहार के इतिहास और इसकी संस्कृति को दिखाया जाएगा। 7 से रात 10 बजे के बीच गीतम अपांग एंड ग्रुप और अलका याज्ञनिक एंड ग्रुप की प्रस्तुति होगी।


लोक कलाकार दिखाएंगे जौहर
बुधवार की शाम 4.30 बजे से समापन समारोह होगा। उस दिन भी राज्य गीत, प्रार्थना गीत और बिहार गौरव गान नृत्य नाटिका के बाद 6.30 बजे से लेजर शो दिखाया जाएगा। शाम 7 से रात 10 बजे तक विभिन्न राज्यों से आए लोक कलाकार अपनी कला का जौहर दिखाएंगे। सिद्दी गोमा गुजरात का ट्राइबल डांस पेश करेंगे। इसके बाद छवि दास महतो एंड ग्रुप की ओर से छऊ नृत्य प्रस्तुत किया जाएगा। अंत में राजस्थान से आए भुट्‌टे खान एंड ग्रुप की प्रस्तुति होगी। इससे पहले मंगलवार की सुबह 8 बजे सभी जिलों से आए कला जत्थे में शामिल करीब 684 कलाकार गोलघर से मद्य निषेध सांस्कृतिक मार्च निकालेंगे। यह कारगिल चौक होते हुए गांधी मैदान के मुख्य आयोजन स्थल तक जाएगा।

कहां क्या कार्यक्रम

श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल :यहां शास्त्रीय संगीत की महफिल जमेगी। 22 मार्च को शाम 5.30 बजे से कार्यक्रम शुरू होंगे। शुरुआत राज्य गीत और प्रार्थना से होगी। शाम 6 से 9 बजे तक शास्त्रीय संगीत की प्रस्तुति होगी। इसमें सुनंदा शर्मा ठुमरी, दादरा और होली गीत पेश करेंगी। इसके बाद सलील भट्‌ट डर्जट स्टॉर्म पर प्रस्तुति देंगे। 23 मार्च को भी शाम 5.30 बजे से राज्य गीत और प्रार्थना के बाद शाम छह बजे से अश्विनी भिंडे और संजीव अभ्यंकर ठुमरी, दादरा, होली गीत पेश करेंगे। इस प्रस्तुति के बाद विधा ला और अभिमन्यु कथक नृत्य पेश करेंगे। इटली से आए कलाकार गिन्नी डेनिटो प्रस्तुति देंगे।

रवींद्र भवन:22 मार्च की शाम 7 बजे से कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन होगा। कलीम कैसर, सत्य नारायण, राजेश जोशी, आलोक धन्वा, अरुण कमल, नवाज देवबंदी, दिनेश कुमार शुक्ला, नुसरत मेहरी, नरेश सक्सेना, नुजरत आजम, खुर्शीद अकबर, संजय कुमार कुंदन, कासिम खुर्शीद अपना कलाम पेश करेंगे। 23 मार्च को हास्य कवि सम्मेलन होगा। इसमें बलवीर सिंह खिचड़ी, संपत सरल, जैनेंद्र काडक, ममता शर्मा, रवींद्र राजहंस, पवन दीक्षित, पॉपुलर मेरठी, निश्तर प्रेमरोहवी, शोला टांडवी, अशोक चक्रधर और दीपक गुप्ता अपनी हास्य कविताओं से श्रोताओं को गुदगुदाएंगे।

गांधी मैदान:दोनों दिन सुबह 10 से शाम 4 बजे तक शास्त्रीय संगीत, नृत्य, लोकगीत समेत कई अन्य विधाओं के कलाकार प्रस्तुति देंगे। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के मंडप में कला उत्सव, लर्न इंग्लिश, क्विज प्रतियोगिता आदि का आयोजन छात्र-छात्राओं के लिए होगा। बिहार शिक्षा परियोजना के पैवलियन में तरंग कार्यक्रम और शैक्षिक गतिविधियों का प्रदर्शन बच्चों द्वारा किया जाएगा। यहां इंस्पायर अवाॅर्ड की विज्ञान प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। जन शिक्षा के पैवेलियन में राज्यभर से आए कला जत्थे द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यहां दिनभर कई नुक्कड़ नाटकों और फिल्म का भी प्रदर्शन होगा। यहां अस्थाई तारामंडल भी बनाया गया है। पर्यटन विकास निगम द्वारा व्यंजन मेला लगाया गया है। 22 मार्च को उपेंद्र महारथी शिल्प अनुसंधान संस्थान की ओर से 2.30 बजे से हस्तशिल्प पर विचार गोष्ठी होगी।

बिना पास वाली गाड़ियों की इंट्री गेट नंबर 7 से
बिहार दिवस समारोह में शामिल होने के लिए गांधी मैदान पहुंचने वाले लोगों के लिए ट्रैफिक पुलिस ने रूट मैप तैयार किया है। दौरान गांधी मैदान के सभी गेटों से इंट्री के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई है।
गेटनंबर 1 (आरबीआई के सामने) : राज्यपाल, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री की गाड़ियां प्रवेश करेंगी। इनकी गाड़ियों की पार्किंग गांधी मूर्ति के पीछे होगी।
गेट नंबर 12 (जेपी गोलंबर के सामने) : कार्यक्रम में भाग लेने वाले कलाकारों की गाड़ी गेट नंबर 12 से प्रवेश करेगी। साथ ही गाड़ियों की पार्किंग स्टेज के आसपास होगी।
गेट नंबर 4 (लाल पास धारक) : अतिविशिष्ट लोग जिन्हें लाल पास जारी किया गया है, उनकी गाड़ियां गेट नंबर 4 से प्रवेश करेंगी। साथ ही पार्किंग गांधी मूर्ति के पास होगी।
गेट नंबर 5 (हरा पास धारक) : उद्योग भवन के सामने गेट नंबर 5 से हरा पास धारकों की इंट्री होगी। इनकी गाड़ियों की पार्किंग गेट के उत्तर में होगी।
गेट नंबर 10 (रामगुलाम चौक) : हरे पास धारकों की गाड़ियां गेट नंबर 10 से प्रवेश करेंगी। साथ ही पार्किंग उद्योग भवन के पास मैदान के अंदर होगी।
गेट नंबर 7 : जनरल गाड़ियों की इंट्री होगी। साथ ही इनकी पार्किंग भी गेट की बाईं और दाईं ओर होगी।
गेट नंबर 6 और 8 : इन दोनों गेट से गाड़ियां सिर्फ बाहर निकलेंगी। यहां से प्रवेश नहीं होगा।
ध्यान रखें: यदि गाड़ी गांधी मैदान के बाहर सड़क पर पार्क दिखी, तो ट्रैफिक पुलिस क्रेन से ले जाएगी। फाइन भरने के बाद गाड़ी मिलेगी।

Source: Bhaskar.com

This entry was posted in Latest. Bookmark the permalink.

Thanks to follow this web site

Fill in your details below or click an icon to log in:

WordPress.com Logo

You are commenting using your WordPress.com account. Log Out /  Change )

Facebook photo

You are commenting using your Facebook account. Log Out /  Change )

Connecting to %s