पटना.होली के गीतों के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सात सर्कुलर रोड स्थित घर पर होली का जश्न शुरू हो गया है। लालू यादव नीतीश कुमार के घर आए और फूलों की होली खेली। इसके बाद दोनों नेताओं ने एक दूसरे के माथे पर अबीर का टीका लगाया।
रमई राम और प्रशांत किशोर पहुंचे…
नीतीश के घर होली मनाने जदयू प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, प्रशांत किशोर और रमई राम पहुंचे हैं। इसके साथ ही बड़ी संख्या में पार्टी के नेता और आम लोग भी सीएम आवास में होली मनाने पहुंचे हैं।
लालू के घर भी होली मनाने पहुंच रहे हैं लोग
लालू यादव के आवास पर भी लोग होली मनाने के लिए जुट रहे हैं। बुधवार शाम से ही लालू यादव के आवास पर होली का जश्न मनाया जा रहा है। रंग गुलाल के साथ नाच गाने का भी प्रबंध किया गया था। कलाकारों ने डांस कर लालू के घर आने वाले लोगों का मनोरंजन किया। इस अवसर पर लालू यादव और राबड़ी देवी ने प्रदेश वासियों को होली की शुभकामनाएं भी दी हैं।
पुआ-पकवान के साथ मटन और चावल भी
दोनों बेटों के मंत्री बनने के बाद यह पहली होली है, इसलिए तैयारी में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी गई है। पुआ-पकवान के साथ मटन-चावल का भी इंतजाम किया गया है। विधायक भोला यादव अतिथियों की खातिरदारी में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं। इस बार डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव के क्षेत्र राघोपुर और महुआ से भी भारी संख्या में समर्थक आ रहे हैं।
मुख्यमंत्री आवास में उड़े रहा है अबीर-गुलाल
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर ढोल-मंजीरे की थाप पर होली खेली जाए रही है। लोग एक दूसरे को अबीर-गुलाल लगा रहे हैं। सुबह 11 बजे से एक अणे मार्ग का दरवाजा लोगों के लिए खोल दिया गया। दोपहर बाद एक बजे तक होली मिलन होगा। मंत्री हों या संतरी, पार्टी का बड़ा नेता हो या छोटा कार्यकर्ता, अपनी दहलीज पर पहुंचे हर शख्स से सीएम दिल खोलकर मिलेंगे। लॉन में पुलाव, पूरी-कचौड़ी, कई तरह के पुए, पकौड़े, बचका ठंडई का भी इंतजाम किया गया है।
Source: Bhaskar.com