राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने ने कहा कि वह भाजपा व आरएसएस को तिरंगा की जगह केसरिया नहीं फहराने देंगे। प्रसाद ने कहा कि लाखों कुर्बानियां देकर तिरंगा हासिल किया गया है। अब, आरएसएस भगवा-केसरिया झंडा फहराना चाहता है। जो ऐसी बातें बोलते हैं, वह भारतवंशियों का दुश्मन है। ये जन-गण-मन पर भी आशंका जता रहे हैं।
प्रसाद ने रविवार को दस सर्कुलर रोड स्थित आवास पर प्रदेश राजद के नव मनोनित पदाधिकारियों के साथ बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने अपील की कि सभी देशवासी एकजुट होकर संकल्प लें कि देश का टुकड़ा नहीं होने देंगे। आरएसएस रंगभेद व मजहब के नाम पर देश का टुकड़ा करना चाहता है।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव बाद पार्टी की वृहत मीटिंग होगी, इसके बाद भाजपा-आरएसएस के खिलाफ अभियान शुरू होगा। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में पदाधिकारी कम बैठेंगे। अधिकतर अपने क्षेत्र में जाकर जनता को फासिस्ट ताकतों द्वारा की जा रही कार्रवाई और भाजपा सरकार की विफलता की जानकारी देंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ताड़ी की बिक्री पर प्रतिबंध को लेकर पुन: समीक्षा करेगी। हमने इस पर सरकार से बात की है। हालांकि राजद पूर्ण शराबबंदी के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि यूपी चुनाव को लेकर वे समय पर अपना पक्ष रखेंगे। पश्चिम बंगाल चुनाव में प्रचार के लिए बड़े नेताओं की कोई कमी नहीं है।
राजद की 77 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी गठित
राजद की 77 सदस्यीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी गठित की गई है। रविवार को लालू प्रसाद ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सूची जारी की। इसमें पार्टी अध्यक्ष के अतिरिक्त पांच उपाध्यक्ष, चार महासचिव, नौ सचिव, एक कोषाध्यक्ष व एक प्रधान महासचिव तथा 56 कार्यकारिणी सदस्य हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, पूर्व सांसद जगदानंद सिंह, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव, डॉ. मीसा भारती, मो. शहाबुद्दीन, अब्दुलबारी सिद्दीकी व आलोक मेहता राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य बनाए गए हैं। वहीं, डॉ. रघुवंश प्रसाद सिंह, मो. तस्लीमुद्दीन, मंगनी लाल मंडल, मो. इलियास हुसैन व अन्नपूर्णा देवी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, जबकि कोषाध्यक्ष प्रेमचंद गुप्ता व प्रधान महासचिव मो. एसएम कमरे आलम बनाए गए हैं।
Source: Livehindustan.com