दिल्ली में राजनाथ, जेटली व नायडू से मिले नीतीश, मांगा बिहार का हक

nitis_1454630107

नई दिल्ली/पटना. दो दिन के लिए दिल्ली आए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पहला दिन उत्तरप्रदेश चुनाव में भाजपा को हराने की रणनीति बनाने में गुजारा, तो दूसरे दिन यानी गुरुवार को तीन केंद्रीय मंत्रियों से मिलकर बिहार का हक मांगा। उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली से विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित पैकेज के अनुसार रुपए देने की मांग की।

8282 करोड़ रुपए तत्काल भुगतान करने की मांग
नीतीश ने इस बारे में प्रधानमंत्री को लिखे पत्र की प्रति जेटली को भी सौंपी। इसमें बीआरजीएफ के 8282 करोड़ रुपए तत्काल भुगतान करने की बात है। शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार के किसी शहर को स्मार्ट सिटी की सूची में शामिल न करने पर नाराजगी जताई। गृह मंत्री राजनाथ सिंह से उनका आग्रह रहा कि वे झारखंड के पास बिहार के बकाए 1952 करोड़ का भुगतान कराएं। यह बकाया पेंशन मद का है।

राजनाथ से कहा- झारखंड के पास पेंशन का हमारा 1952 करोड़ रुपए बकाया, जल्द दिलाएं
मुख्यमंत्री ने राजनाथ से कहा कि वे झारखंड पर बिहार का बकाया 1952 करोड़ रुपए देने के लिए दबाव बनाएं। यह राज्य विभाजन के चलते पेंशन के मद में झारखंड पर देनदारी है। न्यायालय ने भी इसे देने को कहा है। पर झारखंड सरकार आनाकानी कर रही है।

नीतीश ने अरुण जेटली से कहा-12वीं पंचवर्षीय योजना में विशेष योजना के 8282 करोड़ रुपए दो किस्तों में फौरन दिलाएं। कम और समय पर रुपए नहीं देने का यह रवैया मुनासिब नहीं है।

Source: Bhaskar.com

 

This entry was posted in Latest. Bookmark the permalink.

Thanks to follow this web site